1.

भारत में बागवानी खेती की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डालिए।

Answer»

बागवानी खेती से अभिप्राय सब्जियों, फूलों तथा फलों की गहन खेती से है। भारत का फल तथा सब्जियों के उत्पादन में विश्व में दूसरा स्थान है। हमारे देश में फलों का उत्पादन 3.9 करोड़ टन तथा सब्जियों का उत्पादन 6.5 करोड़ टन तक पहुंच चुका है। भारत में बागवानी खेती की प्रमुख विशेषताओं का वर्णन इस प्रकार है —

  1. हमारे देश में विभिन्न प्रकार की कृषि-जलवायु दशाएं पाई जाती हैं। इसलिए यहां पर विभिन्न प्रकार के फल, सब्जियां, फूल, मसाले तथा अन्य बागानी फसलें उगाना सम्भव है। उच्च पहाड़ी भागों पर चाय तथा कहवा उगाया जाता है तो समुद्र तटीय भागों में नारियल के पेड़ उगाये जाते हैं। अतः हम कह सकते हैं कि देश में विभिन्न प्रकार की बागवानी खेती की सम्भावनाएं हैं।
  2. केला, आम, नारियल और काजू उत्पादन में भारत का विश्व में प्रथम स्थान है। इसके अतिरिक्त मौसमी, सेब, सन्तरा, किन्न, अनानास आदि के उत्पादन में भारत विश्व के दस बड़े उत्पादक देशों में से एक है। इसी प्रकार भारत गोभी के उत्पादन में प्रथम तथा आलू, टमाटर, प्याज एवं हरे मटर के उत्पादन में विश्व के दस बड़े उत्पादकों में से एक है।
  3. देश से होने वाले कुल कृषि निर्यातों में बागवानी उत्पादों का हिस्सा लगभग 25.0 प्रतिशत है।
  4. हाल के वर्षों में देश में फूलों के उत्पादन को भारी बढ़ावा मिला है। इसका मुख्य कारण फूलों के लिए बाहर के देशों की बढ़ती हुई मांग है। फूलों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए 200 निर्यातमुखी इकाइयों को चुना गया है।
  5. भारत में सेब के उत्पादन में जम्मू-कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश राज्य के नाम सबसे ऊपर हैं। सन्तरों और केलों के उत्पादन में महाराष्ट्र, आम उत्पादन में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु एवं महाराष्ट्र तथा काजू उत्पादन में कर्नाटक, तमिलनाडु एवं केरल प्रमुख हैं।इस प्रकार भारत बागवानी कृषि में निरन्तर प्रगति कर रहा है।


Discussion

No Comment Found