1.

चर्चा कीजिए कि आजकल अलग-अलग विषयों में परस्पर लेन-देन कितना ज्यादा है।

Answer»

मानव द्वारा अर्जित ज्ञान को मुख्य रूप से दो प्रमुख भागों में विभाजित किया जा सकता है—प्राकृतिक विज्ञान तथा सामाजिक विज्ञान। प्राकृतिक विज्ञानों के अंतर्गत भौतिकशास्त्र, रसायनशास्त्र, जीवविज्ञान, वनस्पतिविज्ञान आदि आते हैं। सामाजिक विज्ञानों के अंतर्गत राजनीतिशास्त्र, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, मानवशास्त्र तथा समाजशास्त्र आदि विषय आते हैं। समाजशास्त्र यद्यपि प्राकृतिक विज्ञानों से पर्याप्त भिन्न है परंतु उसका राजनीतिशास्त्र, इतिहास, अर्थशास्त्र आदि विभिन्न सामाजिक विज्ञानों से घनिष्ट संबंध है।

समाजशास्त्र में प्रायः उन्हीं तथ्यों और विषयों का अध्ययन किया जाता है जिनका कि सामान्यतः अन्य सामाजिक विज्ञान भी अध्ययन करते हैं; परंतु इसके दृष्टिकोण में भिन्नता पाई जाती है। अन्य सामाजिक विज्ञानों का क्षेत्र पर्याप्त सीमित है, जबकि समाजशास्त्र का क्षेत्र व्यापक और विस्तृत है क्योंकि अन्य शास्त्र जीवन के एक विशिष्ट पहलू (राजनीतिक, ऐतिहासिक या आर्थिक) का ही विवेचन करते हैं, जबकि समाजशास्त्र उन सबका समन्वय करके संपूर्ण समाज एवं जीवन का अध्ययन करता है। आजकल अलग-अलग सामाजिक विज्ञानों में अत्यधिक सहयोग पाया जाता है। मानव के सामाजिक व्यवहार को समझने हेतु यह सहयोग आवश्यक भी है। विभिन्न विषयों में पाए जाने वाले सहयोग के परिणामस्वरूप ही आज अंत:विषयक उपागम (Inter-disciplinary approach) पर अधिक बल दिया जाता है। यह उपागम सामाजिक व्यवहार को विभिन्न समाज-वैज्ञानिकों द्वारा संयुक्त रूप से समझने के परिणाम का प्रतिफल है। बार्स एवं बेकर जैसे विद्वान् समाजशास्त्र को न तो अन्य सामाजिक विज्ञानों का स्वामी मानते हैं और न ही सेवक वरन् समाजशास्त्र को अन्य सामाजिक विज्ञानों की बहन-मात्र मानते हैं। उनके शब्दों में, “समाजशास्त्र अन्य सामाजिक विज्ञानों की न मालकिन है। और न उनकी दासी, वरन् उनकी बहन है।” वे आगे और स्पष्ट करते हुए लिखते हैं, “यद्यपि सामाजिक विज्ञानों को बहन मानने में सबसे बाद में उत्पन्न होने के कारण यह सबसे छोटी बहन है, परंतु प्रभाव की दृष्टि से सबसे बड़ी-चढ़ी है। छोटी होते हुए भी ये सब बहनों को एक-दूसरे के पास लाती है और उनके सामाजिक अध्ययन के कार्य में पूरा सहयोग देती है।”

विज्ञापन जैसे विषय का अध्ययन अर्थशास्त्र तथा समाजशास्त्र दोनों विषयों में किया जाता है। अर्थशास्त्री विज्ञापनों द्वारा किसी कंपनी की आय में होने वाली वृद्धि पर ध्यान केंद्रित करते हैं तो समाजशास्त्री इन विज्ञापनों का समाज के विभिन्न वर्गों पर पड़ने वाले प्रभाव की बात करते हैं। इसी भाँति, चुनावों एवं मतदान को समझने हेतु राजनीतिशास्त्र एवं समाजशास्त्र एक-दूसरे को सहयोग प्रदान करते हैं। इतिहासकारों द्वारा अतीत के बारे में जो ठोस विवरण प्रस्तुत किए जाते हैं उनके सार से समाजशास्त्री वर्गीकरण एवं सामान्यीकरण करने का प्रयास करता है। इसी भॉति, अन्य सामाजिक विज्ञानों में भी परस्पर संबंध एवं सहयोग पाया जाता है।



Discussion

No Comment Found