1.

दूरदर्शन पर निबंध लिखिए :

Answer»

आधुनिक युग विज्ञान का युग कहलाता है। इस युग में मानव की सुविधा के लिए विज्ञान ने अनेक चीजें दी है। मनोरंजन के नये – नये साधन दिये है। उनमें एक है दूरदर्शन। दूरदर्शन का स्थान आज बहुत ऊँचा और महत्त्वपूर्ण है।

आज शहरों से लेकर गाँव तक के लोग दूरदर्शन की प्राप्ति के लिए उत्सुक हैं। सरकार ने बहुत से शहरों में दूरदर्शन की सुविधा प्रदान की है। सभी गावों को भी दूरदर्शन की व्याप्ति में लाने का प्रयत्न हो रहा है। जिस प्रकार रेडियों के द्वारा हम दूर की बातों को सुन सकते हैं उसी तरह दूरदर्शन से दूर की घटनाओं को हम घर बैठे देख सकते हैं। अमेरिका में जो कुछ हो रहा है उसको हम उसी समय अपने घर में बैठकर देख सकते हैं।

संसार के किसी भी कोने में हुईं घटनाओं को, चाहे वे सुखदायी हो या दुखदायी, यथावत् लोगों के सामने रखने का काम दूरदर्शन करता है। दूरदर्शन का उपयोग आजकल उच्च शिक्षा में भी किया जाता है। बड़े – बड़े वैज्ञानिक प्रयोग, शोध आदि का परिचय दूरदर्शन द्वारा सारे विश्व को कराया जाता है।

लोगों को शिक्षित करने में दूरदर्शन का महत्त्वपूर्ण स्थान है। भारत जैसे अर्धविकसित देश में छब्बीस प्रतिशत लोग अनपढ़ हैं। अनपढ़ों को पढ़ाई, स्वास्थ्य, नागरिक शिक्षा आदि विषयों के बारे में जानकारी देने में दूरदर्शन के द्वारा अत्यधिक सहायता प्राप्त होती है।

दूरदर्शन मनोरंजन का प्रमुख साधन है। यह हमें मनोरंजन प्रदान करता है। दूरदर्शन सस्ते दामों पर विज्ञान और मनोरंजन को प्रदान करने में सफल हुआ है। लोग घर बैठे – बैठे बिना कष्ट के अपना मनोविकास और मनोरंजन कर सकते हैं। इस प्रकार दूरदर्शन आजकल एक सफल लोकप्रिय प्रचार – माध्यम साबित हुआ है।

दूरदर्शन से कुछ हानियाँ भी है। दूरदर्शन के प्रचार से सिनेमा उद्योग को कुछ धक्का लगा है। लोग अब घर में ही बैठ कर अपने पसंद की फिल्में देख सकते हैं। बड़े – बड़े राष्ट्रीय खेल, प्रतियोगिताएँ बिना पैसे दिये घर बैठ कर हम देख सकते हैं। इससे खेलों के मैदान में भीड़ कम हो गयी है। दूरदर्शन का उपयोग अधिक करने के कारण लोगों की दृष्टि भी कमजोर हो जाती है। दूरदर्शन में आज बच्चों की रुचि अधिक हो गयी है। इससे इसका असर उनकी पढ़ाई पर पड़ गया है। बच्चे अपनी पढ़ाई की ओर कम ध्यान दे रहे हैं। – दूरदर्शन के सभी कार्यक्रम नियंत्रित होने के कारण इसमें हानियों की अपेक्षा लाभ अधिक है। दूरदर्शन में उत्तम कार्यक्रम का प्रसार करना चाहिए।



Discussion

No Comment Found

Related InterviewSolutions