1.

शिक्षा और कम्प्यूटर पर निबंध लिखिए :

Answer»

आधुनिक जीवन में कम्प्यूटर का विशेष महत्व है। जीवन के लगभग सभी क्षेत्रों में कम्प्यूटर का इस्तेमाल होता है। आज के आधुनिक जीवन में मनुष्य जन – जन के संपर्क में कम्प्यूटर की वजह से है। अगर आज कोई व्यक्ति कम्प्यूटर चलाना जानता है तो वह अपने बिजनेस, रोजगार को काफी हद तक फैला सकता है।

आज किसी भी कार्यालय में छोटे से क्लर्क के पद के लिए भी कम्प्यूटर की जानकारी होना बहुत जरूरी है। शिक्षा के क्षेत्र में कम्प्यूटर का बड़ा योगदान है। यह शिक्षा का अच्छा स्त्रोत है। आज हर स्कूल व कॉलेज में कम्प्यूटर लैब है। कम्प्यूटर के माध्यम से अध्यापकों को भी छात्रों को पढ़ाने में सहायता मिलती है। हर संस्थान में डिजिटल लाइब्रेरी ने पुस्तकों का स्थान ले लिया है। आज तो छोटी क्लास के बच्चों को भी कम्प्यूटर के बारे में बताया और पढाया जा रहा है। इंटरनेट सूचनाओं का सागर है जिससे छात्रों के ज्ञान में अद्भुत वृद्धि हो रही है। विद्यार्थी पाठयक्रम के अलावा अन्य विशेष जानकारी हासिल करने में भी सक्षम हो रहे हैं।

यही नहीं कम्प्यूटर भंडारण और डेटा प्रबंधन के लिए सबसे बढ़िया साधन है। कम्प्यूटर में आप अनेकों पुस्तकों को डिजिटल प्रारूप में अपने साथ रख सकते हैं और कभी भी पढ़ सकते हैं। विद्यार्थी अपने नोट्स तैयार करने में कम्प्यूटर की सहायता ले सकते हैं। शिक्षक भी विद्यार्थी को प्रभावी ढंग से किसी भी विषय को समझाने के लिए पावर पाइंट प्रजेंटेशन बनाकर उन्हें समझा सकते हैं। छात्रों को चार्ट, चित्र और आंकड़े दिखाये जा सकते हैं।

इस प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में आज कम्प्यूटर का उपयोग अनिवार्य बन गया है। सभी शिक्षण संस्थानों में इसकी शिक्षा धीरे – धीरे अनिवार्य बनती जा रही है। इसके द्वारा विश्व भर का ज्ञान पल भर में पी.सी. की स्क्रीन पर झलकता दिखाई दे जाता है। इसकी शिक्षा के बाद भारी भरकम पुस्तकों को रखने, संभालने और उन्हें उलटनें – पलटने की आवश्यकता समाप्त हो जायेगी। पुस्तकों से भरी बड़ी – बड़ी लाइब्रेरियों की जगह सी.डी. ले रही है जिनमें हजारों पृष्ठ की सामग्री एक छोटी सी डिबिया में सुरक्षित रह सकती है। इंटरनेट ने सारे विश्व को एक पाठशाला में बदल देने की अपनी क्षमता दिखा दी है।



Discussion

No Comment Found

Related InterviewSolutions